हरैया सतघरवा। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के चौधरीडीह फीडर पर बढ़ते लोड के कारण क्षेत्र के दर्जनों गांवों में लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या लगातार बनी हुई है। क्षेत्रवासी संदीप कुमार, रामेश्वर प्रसाद, मदन गोपाल, कौशल किशोर, विपिन कुमार और राधेश्याम ने बताया कि दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि जब आपूर्ति होती है तो वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर और पानी की मोटर तक ठीक से नहीं चल पाती। रात में बार-बार बिजली गुल होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि रातभर गर्मी के कारण नींद पूरी नहीं हो पाती। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से चौधरीडीह फीडर पर बढ़ते लोड का स्थायी समाधान करने, क्षमता बढ़ाने तथा निर्बाध और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति करने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।