बलरामपुर। गांव-गांव किसान चौपाल कार्यक्रम के तहत मंगलवार को तुलसीपुर ब्लाक के कौवापुर एवं रेहरा ब्लाक के किरतापुर गांव में कांग्रेस की तरफ से किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। किसान पंचायत में कृषि कानून के खिलाफ भड़ास निकालते हुए कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया।
दोनों स्थानों पर किसान पंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए जो कृषि कानून बनाया है उससे किसान पूंजीपतियों का गुलाम बनकर रह जाएगा।
किसानों को कृषि उपज का दोगुना मूल्य दिलाने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने डीजल व उर्वरक के दामों में वृद्धि करके यह साबित कर दिया है कि वह पूरी तरह किसान विरोधी है। इस सरकार में किसानों के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं की अनदेखी की जा रही है।
युवा बेरोजगार हो रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। महिला उत्पीड़न की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। किसान, युवा एवं महिलाओं का हित कांग्रेस सरकार में ही संभव है। किसान पंचायत को विनय कुमार मिश्रा, डा. हामिद बलरामपुरी व अमिरका प्रसाद आदि ने भी संबोधित किया।