फोटो-13-बलरामपुर के गैसड़ी में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोग ।-संवाद
गैसड़ी। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को पचपेड़वा स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि एआईसीसी सदस्य एवं पर्यवेक्षक आनंद पटेल ने कहा कि कांग्रेस देशभर में संगठन सृजन अभियान चला रही है। इसके तहत प्रत्येक कार्यकर्ता की राय राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचाई जाएगी और संगठन चुनाव में जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू करने का आह्वान किया।
पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. इश्तियाक अहमद ने कहा कि मजबूत संगठन और सशक्त बूथ नेटवर्क ही चुनाव में सफलता का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियां पहुंचाने की अपील की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबहादुर यादव ने बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
बैठक में पीसीसी सदस्य मुकेश चौहान, अयोध्या अध्यक्ष अखिलेश यादव, जिलाध्यक्ष शिवलाल, महासचिव विजय उपाध्याय सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।