बलरामपुर। जिलाधिकारी और अधिवक्ताओं के बीच विवाद थमने के बजाय लगातार गहराता जा रहा है। नामांतरण प्रक्रिया में बदलाव, अधिवक्ता संघ भवन को गिराने संबंधी नोटिस और जिलाधिकारी के कार्यव्यवहार से नाराज अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया।
उतरौला, तुलसीपुर और जिला मुख्यालय के अधिवक्ता एकजुट होकर विरोध जताते नजर आए। वार्ता के लिए पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन को अधिवक्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। अधिवक्ताओं ने उनसे बातचीत करने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद संयुक्त बार संघ की बैठक में आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया। अधिवक्ता सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़े हैं। शुक्रवार को बौद्ध परिपथ पर मौन जुलूस निकालकर विरोध जताया जाएगा। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान कोतवाली देहात पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद अधिवक्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे सदर तहसील से उतरौला, तुलसीपुर और मुख्यालय के अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। परिसर में कोतवाली नगर और कोतवाली देहात की पुलिस तैनात रही।
करीब आधे घंटे तक विरोध प्रदर्शन चला। इसी दौरान जिलाधिकारी वार्ता के लिए पहुंचे, लेकिन अधिवक्ताओं ने बातचीत करने से इन्कार कर दिया। वकीलों का कहना है कि जिलाधिकारी को अधिवक्ताओं के बीच आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। अधिवक्ताओं के आंदोलन से तहसीलों में भी कामकाज प्रभावित रहा।
प्रदर्शन में उतरौला संघ के अध्यक्ष प्रह्लाद यादव, महामंत्री रवि शंकर मिश्र, अखिलेश सिंह, नसीम अहमद, सुधीर श्रीवास्तव, गजनफर अली, निजाम अंसारी, जयकरण भारती, रामदेव मौर्य, रवि गुप्त, नवनीत, आरके पांडेय, अब्दुल कय्यूम खान, अमित पांडेय, राजू पांडेय, धीरेंद्र कुमार, विवेक सिंह, अभय शेखर सिंह गुंजन आदि अधिवक्ता शामिल रहे।
15 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे अधिवक्ता
अधिवक्ता 15 अक्टूबर से तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। अधिवक्ताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से जिलाधिकारी ने मुलाकात नहीं की और पिछले दरवाजे से चले गए। इसके बाद अधिवक्ताओं की नाराजगी बढ़ गई। वे लगातार सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग कर रहे हैं।
न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे अधिवक्ता
प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता संघ भवन में संयुक्त बार संघ की बैठक हुई। जिला युवा बार संघ के अध्यक्ष मृगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि जब तक जिलाधिकारी अधिवक्ताओं से सकारात्मक तरीके से वार्ता नहीं करते और सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री संजय तिवारी, कलेक्ट्रेट बार संघ के महामंत्री अशोक मिश्रा और राजेश मिश्रा ने कहा कि संयुक्त बार संघ और जिलाधिकारी के बीच विवाद का समाधान होने तक अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे।
बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन को संबोधित करते बार संघ के पदाधिकारी ।