बलरामपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों को आईसीटी के माध्यम से कंप्यूटर शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान से जोड़ा जा रहा है। आदर्श कंपोजिट विद्यालय नगर में कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई है, जिससे विद्यार्थी कंप्यूटर के जरिए आधुनिक तकनीक से पढ़ाई कर सकेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी रामकुमार एवं राज्य संदर्भ दाता समूह के सदस्य महमूदुल हक ने फीता काटकर कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया। बीईओ ने कहा कि कक्षा शिक्षण में तकनीक के इस्तेमाल से बच्चों में अधिगम क्षमता की वृद्धि होने के साथ रोचक ढंग से पढ़ाई करने में मदद मिलती है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक सलमा खान ने बताया की विद्यालय में चार कंप्यूटर सेट के साथ दो स्मार्ट पैनल भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से बच्चों को किसी भी विषय को पढ़ने में काफी मदद मिलेगी। इस अवसर पर वंदना सिंह और अखिलेश तिवारी आदि मौजूद रहे।