बलरामपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों में जिज्ञासा आधारित शिक्षा प्रोत्साहित करने के लिए जिले के 10 शिक्षा क्षेत्रों के स्कूलों में शुक्रवार से क्विज प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। गणित व विज्ञान के साथ-साथ प्रौद्योगिकी से छात्रों को परिचित कराने के लिए ब्लॉक स्तर पर क्विज प्रतियोगिता और जिला स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से प्रति छात्र 385 रुपये की दर से बेसिक शिक्षा विभाग को धनराशि भेजी गई है।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि 290 उच्च प्राथमिक व 360 कंपोजिट स्कूलों में 55,408 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। विद्यार्थियों में जिज्ञासा आधारित शिक्षा, गणित, विज्ञान व प्रौद्योगिकी की सोच विकसित हो सके, इसके लिए ब्लॉक व जिला स्तर पर गतिविधियां कराई जा रही हैं। बेहतर प्रदर्शन के साथ मॉडल/प्रोजेक्ट तैयार करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण मोहित देव त्रिपाठी ने बताया कि जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों के ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर बीईओ की निगरानी में होने वाली क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों में तर्क, चिंतन व कल्पना आधारित प्रश्नों के माध्यम से विज्ञान व गणित के ज्ञान की परख होगी। प्रदर्शनी में मॉडल/प्रोजेक्ट के साथ प्रतिभाग कराने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों को दी गई है।
ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर पांच सितंबर तक क्विज प्रतियोगिता होगी। जिला स्तर पर 6 से 15 सितंबर के मध्य विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों से चयनित 130 विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। वहीं, 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का चयन करके प्रमाण पत्र के साथ-साथ पुस्तक सेट, मोमेंटो, विज्ञान किट व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।