बलरामपुर। विकास कार्यों के साथ-साथ चुनाव के बारे में भी मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल एसवीएस रंगाराव ने जायजा लिया। सदर विधायक पल्टूराम ने सभी तहसीलों में मतदाता बनाने के लिए अगल काउंटर बनाने की मांग उठाई।
कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मंडलायुक्त ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की भी स्थिति जानी। कलेक्ट्रेट में मंडलायुक्त की बैठक के दौरान विधायक व अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिया।
मंडलायुक्त ने उतरौला विधानसभा क्षेत्र के सईपुर इटई, गुमड़ी व सदर विधानसभा क्षेत्र के आदर्श इंटर कॉलेज भगवतीगंज के मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली। मौके पर मौजूद बीएलओ से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की।
कलेक्ट्रेट में बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने बूथ दिवस के दिन सभी बीएलओ से प्रारूप छह भरवाकर अधिक से अधिक वोटरों को जोड़ने का सुझाव दिया। सदर विधायक ने नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए तीनों तहसीलों में अलग से काउंटर संचालित कराने की मांग उठाई।
सभी बीएलओ को गांवों में डोर टू डोर जाकर नए वोटरों का नाम बढ़ाने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा जिला निर्वाचन अधिकारी / डीएम कृष्णा करुणेश को मतदेय स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में प्रारूप छह, सात, आठ व आठ क उपलब्ध कराने का जिम्मा सौंपा।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड निर्वाचन के चुनाव की तैयारियों के बारे में सीडीओ अमनदीप डुली को मंडलायुक्त को प्रोजेक्टर के माध्यम से रिपोर्ट दिखाई। जिले में 10 मतदान बूथ बनाए गए हैं जिसमें 1131 वोटर शामिल हैं।
रूरल एरिया में आठ बूथ और अरबन में दो बूथ बनाए गए हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या 951 जबकि महिला मतदाता की संख्या 180 है। 10 सेक्टर व तीन जोन में बांटा गया है। चुनाव कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है।
बैठक में मंडलायुक्त ने कोविड 19 की प्रगति के बारे में भी समीक्षा की। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि 20 लोगों की कोविड-19 संक्रमण से मृत्यु हो चुकी है।
जिले में 1755 व्यक्ति कोरोना से ठीक हुए हैं। एक्टिव केस की संख्या 90 है। सदर विधायक ने आर्थोपेडिक डॉक्टर की नियुक्ति की मांग की। धान खरीद, रैन बसेरा सहित अन्य कार्यों की भी मंडलायुक्त ने समीक्षा की।
इस अवसर पर उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल, अपर सीएमओ डॉ. एके सिंघल व सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहीद अहमद आदि मौजूद रहे।