commissioner and DIG inspected Nepal border Quarantine Center
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल महेंद्र कुमार व डीआईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को भारत नेपाल सीमा के निकट स्थित नंदमहरा क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। क्वारंटीन सेंटर पर कोरोना के संदिग्धों को सभी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त व डीआईजी ने कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए तैयारियों का भौतिक सत्यापन करने के लिए नेपाल बार्डर के क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। रिश्ता दरबार के मैरिज हाल में बनाया गया सेल्टर होम का भी मंडलायुक्त ने निरीक्षण किया। जिले के सभी क्वारंटीन सेंटरों, क्वाजी क्वारंटीन सेंटरों व सेल्टर होमों पर प्रशासन की तरफ से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और जिला प्रशासन को क्वारंटीन किए गए व्यक्तियों को भोजन, पानी व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया। खामियां पाए जाने पर मंडलायुक्त व डीआईजी ने कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी।
मंडलायुक्त व डीआईजी ने जिले के सभी थानों पर पुलिस अफसरों व कर्मियों के साथ साथ भारत नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 9वीं व 50वीं वाहिनी के जवानों को कोरोना लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी। नगर निकायों, कस्बों व ग्राम पंचायतों में नियमित साफ सफाई कराकर सैनिटाइजेशन कराए जाने के लिए संबंधित सभी अफसरों को निर्देश दिया। श्रमिकों व जरूरतमंदों को राशन व भोजन उपलब्ध हो इसकी व्यवस्था प्रशासन सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त ने कालाबाजारी पर पूर्णत: रोक लगाए जाने का निर्देश दिया। मंडालयुक्त व डीआईजी ने जिलेवासियों से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने, लॉकडाउन का पालन करने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, बार बार साबुन से हाथ धुलने, कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में शासन व प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान डीएम कृष्णा करुणेश, एसपी देवरंजन वर्मा, एएसपी अरविंद कुमार मिश्र, सदर एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह व सीओ तुलसीपुर शिव प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।