बलरामपुर। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 जून को पचपेड़वा क्षेत्र के इमिलिया कोडर में नवनिर्मित थारू जनजाति सांस्कृतिक संग्रहालय का लोकार्पण कर सकते हैं। सीएम के संभावित दौरे की तैयारी को लेकर शनिवार को देवीपाटन मंडल के कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र व डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह इमिलिया कोडर पहुंचे।
अधिकारियों ने नवनिर्मित संग्रहालय का निरीक्षण किया। सीडीओे संजीव कुमार मौर्य से सीएम के संभावित कार्यक्रम को लेकर सभा स्थल, मंच व हेलीपैड बनने की जगह आदि के बारे में जानकारी ली। डीआईजी ने एसपी केशव कुमार से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली।
थारू जनजाति कार्यक्रम के समन्वयक रामकृपाल शुक्ल ने अधिकारियों को संग्रहालय भवन में रखे थारुओं की संस्कृति से जुड़े उपकरण व कलाकृतियों के संबंध में जानकारी दी। निरीक्षण के समय एडीएम प्रदीप कुमार, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, तुलसीपुर एसडीएम मंगलेश दुबे व एसीएमओ डॉ. एके सिंघल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।