फोटो-29-बलरामपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में पूजा अर्चना करते सीएम योगी आदित्यनाथ ।-स्रोत:
तुलसीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचकर मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन किए। गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की, आरती उतारी तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की।
गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर होने के नाते मुख्यमंत्री का देवीपाटन शक्तिपीठ से वर्षों पुराना आध्यात्मिक संबंध रहा है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए उन्होंने मां पाटेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त किया और कुछ समय तक मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियों में सहभागी रहे।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गायों और बछड़ों को स्नेहपूर्वक दुलारते हुए अपने हाथों से हरा चारा, चना और गुड़ खिलाया। गोसेवा के दौरान उनका आत्मीय स्वरूप भी देखने को मिला।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने गोशाला में मौजूद बच्चों को अपने पास बुलाकर उन्हें आशीर्वाद दिया और चॉकलेट वितरित की। उनके इस आत्मीय व्यवहार से बच्चे और उनके परिजन उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पूरे मंदिर परिसर में मां पाटेश्वरी के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना रहा।
फोटो-29-बलरामपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में पूजा अर्चना करते सीएम योगी आदित्यनाथ ।-स्रोत: