बलरामपुर। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कराने का फरमान रास नहीं आ रहा है। इसका विरोध कर रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को सदर विधायक पल्टूराम से मिलकर ऑन लाइन हाजिरी की व्यवस्था से सफाई कर्मियों को छूट दिए जाने की मांग का एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें बताया गया कि अधिकांश ग्रामीण सफाईकर्मी ऑनलाइन हाजिरी लगा पाने में समर्थ नहीं है। असमर्थ हैं। सफाईकर्मियों को ऑनलाइन हाजिरी से मुक्त किया जाए।
विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए पंचायती राज ग्रामीण कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार गौतम ने कहा कि सफाईकर्मी सुबह ही गांवों में सफाई करने पहुंच जाते हैं। ईमानदारी से वह अपना काम निपटाते हैं। तकनीकी का ज्ञान न होने के कारण उन्हें ऑनलाइन हाजिरी लगाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जो सफाईकर्मी शिक्षित व योग्य हैं उन्हें ब्लॉक, जनपद व प्रदेश स्तर पर कार्यालयों एवं आवासों पर संबद्ध किया गया है। अन्य सफाई कर्मचारियों से विभाग के अलावा बीएलओ, ड्राइवर, रसोइयां, अर्दली, चपरासी, माली, जनगणना कार्य, राशनकार्ड सर्वे, संचारी रोग, आयुष्मान कार्ड सर्वे व गौवंश पकड़ने आदि का कार्य भी कराया जाता है। ऐसे में उनका सुबह ऑनलाइन हाजिरी लगाना संभव नहीं है। इस मौके पर संचित राम , आदेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिंह, पंकज मिश्रा, अजय तिवारी सहित बड़ी संख्या सफाई कर्मी मौजूद रहे।