बलरामपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर एक सप्ताह तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत स्टेशन परिसर की साफ सफाई के साथ ही दीवारों पर पेंटिंग बनाकर जिले की सांस्कृतिक विरासत उकेरी गई। स्टेशन परिसर की खाली जमीनों पर पौधरोपण कर स्टेशन को हराभरा बनाने का कार्य किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री एवं सीनियर डीसीएम अंबर प्रताप सिंह के निर्देशन में लखनऊ मंडल के रेलवे स्टेशनों पर 10 से 16 अगस्त तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रथम राजेश श्रीवास्तव एवं मुख्य वाणिज्य निरीक्षक बलरामपुर के नेतृत्व में बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। पूरे प्लेटफार्म पर विशेष साफ सफाई के साथ ही रेलिंग पर लिपटी झाड़ियों को हटाया गया।
रेलिंग को रंग-बिरंगे रंगों से रंग कर सुंदर बनाया गया। स्टेशन अधीक्षक डीएस मीना व वाणिज्य अधीक्षक एसएस यादव ने बताया कि स्टेशन की दीवारों पर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर, श्रावस्ती के बौद्ध स्तूप एवं महात्मा बुद्ध के चित्रों की पेटिंग बनाकर यहां की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है। स्टेशन परिसर एवं कालोनी परिसर के खाली जमीनों पर पौधरोपण कर पूरे स्टेशन परिसर को हराभरा करने का काम भी किया गया है।