बलरामपुर के जमुनहवा गांव में पीड़ित परिवार से मुलाकात करते विधायक पल्टूराम व अन्य ।-संवाद
महदेइया बाजार। श्रीदत्तगंज क्षेत्र के गौररमवापुर के मजरा जमुनहवा में सोमवार को किशोरी को बंधक बनाकर हुई लूट की घटना में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस टीम कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मंगलवार को सदर विधायक पल्टूराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
विधायक ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद गंभीर हैं। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह से कहा कि घटना में शामिल आरोपी महिलाओं को हर हाल में जल्द गिरफ्तार करें। प्रभारी निरीक्षक ने भरोसा दिया कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा। उधर, गांव में वारदात के बाद से ग्रामीणों में गुस्सा है। उनका कहना है कि भीख मांगने के बहाने आए अज्ञात लोगों की गतिविधियों पर पुलिस को सतर्क रहना चाहिए। घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र सिंह ने भी मंगलवार को गांव में पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस टीम आरोपी महिलाओं की तलाश में लगी है, जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। इस बीच गांव और आसपास के इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।