बलरामपुर। नगर निकाय चुनाव में अब कुछ दिन ही शेष हैं। ऐसे में चुनाव की चर्चा हर जुबान पर है। दुकानों व होटलों पर बैठ कर लोग खाली समय में चुनावी चर्चा ही छेड़ देते हैं। लोग चेयरमैन पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के गुण-अवगुण गिनाकर उनके जीतने-हारने का समीकरण बता रहे हैं।
नगर के गोंडा मार्ग पर रविवार को एक दुकान के बाहर कुछ लोग चुनावी चर्चा करते दिखे। लोग आपस में सभी प्रत्याशियों के गुण-अवगुण व कार्यक्षमता को लेकर बहसबाजी कर रहे थे। मोहम्मद सलमान ने कहा कि नगर का नेतृत्व करने वाले अनुभवी प्रत्याशी को ही जिताना चाहिए। साकिर व शादाब ने कहा कि उस दल के उम्मीदवार को चुना जाए, जो भेदभाव रहित विकास का वादा करे। शहर में बिना भेदभाव हर मोहल्ले में विकास कार्य कराना वाला चेयरमैन होना चाहिए।
अरशद अली व अब्दुल अलीम बोल पड़े कि चेयरमैन नगर का प्रथम नागरिक होता है। इसलिए सोच समझकर ही किसी उम्मीदवार को शहर चलाने की जिम्मेदारी सौंपनी होगी। मोहम्मद हासिम व बच्चा का कहना है कि शहर में हर वर्ग के लोग हैं। इसलिए पूरे समाज को एकसूत्र में जोड़ते हुए जो बेहतर नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता का दावा करे, उस दल के उम्मीदवार को मौका देना चाहिए।