बलरामपुर। प्राथमिक विद्यालय रेहरा बाजार प्रथम में शनिवार को नो बैग डे का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला, गायन व खेलकूद सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा चार की छात्रा आराध्या कसौधन ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल छवि का आकर्षक चित्र बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट आर्टिस्ट का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में खुशी गुप्ता ने द्वितीय तथा हेमा विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गायन प्रतियोगिता में कक्षा पांच की छात्रा विधि पांडेय ने- ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन भजन की मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। उन्हें प्रथम पुरस्कार मिला। मरियम ने द्वितीय तथा सिद्धि कसौधन ने तृतीय स्थान हासिल किया। जुलाई माह के दौरान सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को स्टार ऑफ द मंथ सम्मान से नवाजा गया। कक्षा चार की मानवी वर्मा 26 दिन उपस्थित रहकर प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि इसी कक्षा की आराध्या कसौधन ने 25 दिन उपस्थिति दर्ज कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि नो बैग डे जैसी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। इस अवसर पर शिक्षक कृष्ण कुमार मिश्र, प्रवीण तिवारी, उषा देवी, पम्मी गुप्ता एवं प्राची पांडेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।