फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सब्जी-चावल से ही बच्चों को करना पड़ा संतोष

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। शासन ने 11 से 17 अगस्त तक आजादी के अमृत महोत्सव के तहत परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को मीड-डे मील में हलवा-पूड़ी, बूंदी, खीर, फल व लड्डू आदि देने का फरमान जारी किया था। इसके तहत शनिवार को जिले के 1,886 परिषदीय विद्यालयों के 3.50 लाख बच्चों को मीड-डे मील में हलुवा-पूड़ी देना था। ‘अमर उजाला टीम’ ने शनिवार को कुछ विद्यालयों का भ्रमण करके पड़ताल की तो कहीं हलवा-पूड़ी तो कहीं सब्जी-चावल देने का खुलासा हुआ। पेश है रिपोर्ट -
विज्ञापन

उतरौला शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रेंडवलिया खास में शनिवार को बच्चों को सब्जी-चावल खिलाया गया। शिक्षिका प्रतिमा ने बताया कि प्रधानाध्यापक मोहम्मद फारकुल कादिरी के अवकाश पर होने के चलते हलवा बनाने की सामग्री का इंतजाम नहीं किया जा सका। प्राथमिक विद्यालय घोड़चढ़ी के प्रधानाध्यापक नीतिश कुमार ने बताया कि बच्चों को पहले सब्जी-चावल दिया गया, बाद में हलवा भी खिलाने का इंतजाम किया गया। कंपोजिट विद्यालय कालू बनकट के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि बजट न मिलने के कारण बच्चों को हलवा नहीं दिया गया, बल्कि सब्जी-चावल खिलाया गया है।
पचपेड़वा शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय गुरुचिहवा में बच्चों को हलवा-पूड़ी खिलाया गया। प्राथमिक विद्यालय व माध्यमिक विद्यालय रजडेरवा में बच्चों को सब्जी-चावल खिलाया गया। रजडेरवा के ग्राम प्रधान अकरम ने बताया कि बच्चों को हलवा खिलाने के लिए कोई सूचना नहीं दी गई थी। प्राथमिक विद्यालय सुगांव व मोतीपुर हड़हवा में भी बच्चों को सब्जी-चावल दिया गया। सुगांव के शिक्षक राम किशोर व मोतीपुर हड़हवा के ग्राम प्रधान अतीउल्ला ने बताया कि बजट ने मिलने से बच्चों के लिए हलवा नहीं बनवाया जा सका।
विज्ञापन

शिक्षा क्षेत्र श्रीदत्तगंज के प्राथमिक विद्यालय तेंदुआ तकिया की शिक्षिका सायरा बानो ने बताया कि शनिवार को बच्चों को सब्जी-चावल के साथ खीर भी खिलाई गई। कंपोजिट विद्यालय रैगाई की प्रधानाध्यापिका शिवकुमारी ने बताया कि बच्चों को सब्जी-चावल ही खिलाया गया है। बजट नहीं मिलने के चलते बच्चों के लिए विशेष भोजन जैसे खीर व हलवा का इंतजाम नहीं किया जा सका।
गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय निश्चलडीह के शिक्षक विनय शुक्ल ने बताया कि बच्चों को सब्जी-चावल दिया गया है। प्राथमिक विद्यालय नचौरी के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अनिल सरोज ने बताया कि बच्चों को सब्जी-चावल दिया गया है। बजट न मिलने से दोनों विद्यालयों के बच्चों को हलवा नहीं दिया गया। शिक्षा क्षेत्र तुलसीपुर के प्राथमिक विद्यालय भंगहाकला में बच्चों को सब्जी-चावल के साथ हलवा भी दिया गया। शिक्षा क्षेत्र शिवपुरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय परसपुर कमदा के प्रधानाध्यापक पवन कुमार यादव ने बताया कि बच्चों को खाने में सब्जी-चावल व हलवा दिया गया है।
मीड-डे मील के जिला समन्वयक फिरोज अहमद ने बताया कि जिले के 18,11 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट व 11 कस्तूरबा विद्यालयों के साथ ही 25 मदरसों, 12 वित्तपोषित, 19 माध्यमिक व चार राजकीय विद्यालयों के तीन लाख 50 हजार छात्र-छात्राओं को 11 से 17 अगस्त तक आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विशेष भोजन देने के लिए प्रेरणा पोर्टल व अन्य माध्यम से सूचना भेजी गई है। बच्चों को 11 व 13 अगस्त को हलवा, 12 अगस्त को बूंदी, 15 अगस्त को लड्डू, 16 अगस्त को फल व 17 अगस्त को खीर दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें