बलरामपुर। पौष्टिक भोजन से बच्चों व महिलाओं को सेहतमंद बनाया जाएगा। इसके लिए उन्हें सरकार की ओर से खाद्य सामग्री वितरित कराई जा रही है। यह बातें सीडीपीओ सदर राकेश कुमार शर्मा ने शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र विशुनापुर में आईसीडीएस के लाभार्थियों को घी-दूध का वितरण करते हुए कहीं। सभी लाभार्थियों को हरी सब्जी, फल व घी-दूध आदि का सेवन करने की सलाह दी गई।
सीडीपीओ ने कहा कि सदर ब्लॉक के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आईसीडीएस के लाभार्थियों को सूखा राशन के साथ घी-दूध का भी वितरण शुरू करा दिया गया है। छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों, स्कूल न जाने वाले 11 से 14 वर्ष तक की किशोरियों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को घी-दूध दिया जा रहा है।
मौके पर मौजूद भाजपा के जिला मंत्री बृजेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की तरफ से बच्चों, किशोरियों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को सेहतमंद रखने के लिए शानदार योजनाएं शुरू की गई हैं।
विभाग की तरफ से लाभार्थियों को बेहतर ढंग से योजनाओं लाभ दिया जा रहा है जो सराहनीय है। दुर्गा महिला समूह की महिलाओं ने लाभार्थियों को घी-दूध का वितरण कराया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी व मैनावती आदि मौजूद रहीं।