हरैया सतघरवा। सीमावर्ती क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार शाम बीमार बच्ची को लेकर पहुंचे पिता को अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की तलाश में पिता गुहार लगाते रहे, लेकिन बच्ची को समय पर उपचार नहीं मिल सका। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। घटना ने ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6:10 बजे नेवलगंज निवासी अनुराग मिश्रा अपनी बीमार बेटी को बाइक से लेकर सीएचसी पहुंचे। अस्पताल के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि उस समय अस्पताल में कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। बच्ची की हालत बिगड़ती देख पिता डॉक्टर या किसी स्वास्थ्यकर्मी को बुलाने के लिए लोगों से गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्हें तत्काल उपचार की सुविधा नहीं मिल सकी। इसी दौरान बच्ची की मौत हो गई।
सीएचसी अधीक्षक सुजीत कुमार पांडेय ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण सीएचसी में इमरजेंसी सेवा संचालित नहीं होती है। यहां सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक ही अस्पताल खुलता है। हालांकि, डिलीवरी प्वाइंट 24 घंटे संचालित किए जाते हैं।
वहीं, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी। फिलहाल उन्हें इस घटना का वीडियो नहीं मिला है।