बलरामपुर के उतरौला पहुंची प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम छांगुर के करतूत की पड़ताल में जुटी है। टीम ने वर्तमान व पूर्व पूर्व प्रधान के घर छापा मारा है। ईडी 12 स्थानों पर पड़ताल कर रही है जिसमें जमालुद्दीन उर्फ छांगुर का पुराना आवास सहित उसके सहयोगी नीतू व नवीन के ठिकाने भी शामिल हैं।
ईडी की टीम मधपुर में जमीन विक्रेता व इसी गांव के पूर्व प्रधान जुम्मन खां, मधपुर में जमीन विक्रेता संतोष कुमार त्रिगुनायक व इनके भाई दुर्गेश कुमार त्रिगुनायक सहित 10 लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही उतरौला के कुछ विवादित जमीन खरीदने और उसमें शामिल लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि अवैध धर्मांतरण के आरोप में एटीएस की ओर से गिरफ्तार किए गए जमालुद्दीन उर्फ छांगुर मामले में प्रवर्तन निदेशालय 14 ठिकानों पर तलाशी ले रहा है, जिनमें से 12 उत्तर प्रदेश के बलरामपुर के उतरौला में और दो मुंबई में हैं। तलाशी आज सुबह 5 बजे शुरू हुई। ईडी ने उसके कांप्लेक्स की पड़ताल के साथ ही मधुपुर स्थित उसके आवास को भी खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही ईडी छांगुर के करीबियों के घरों पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। छांगुर को मधपुर में जमीन बेचने वाले पूर्व प्रधान जुम्मन के घर भी ईडी ने दस्तक दे दी। वहीं, सुबह से शहर के अन्य ठिकानों पर ईडी जांच कर रही है।
मुंबई में भी की जा रही छानबीन, पुणे में भी जांच की तैयारी
प्रवर्तन निदेशालय की टीम उतरौला के 12 ठिकानों के साथ ही मुंबई में भी छानबीन कर रही है। मुंबई के शहजाद शेख के घर ईडी पहुंच गई है। इसके अलावा एक और ठिकाने की पड़ताल कर रही है। पुणे में भी जांच की तैयारी है। सूत्रों की मानें तो शहजाद के खाते में एक करोड़ जमा हुए थे। ईडी छांगुर की ओर से रुपए के बंटवारे का तार जोड़ने में जुटी है।
उतरौला में एसटीएफ का छापा, छांगुर के भतीजे को उठाया पूछताछ कर छोड़ा
इससे पहले, उतरौला में बुधवार की देर रात एसटीएफ की टीम पहुंची थी। रात करीब 11 बजे उतरौला बस अड्डा रोड पर टीम पहुंची। वहां एक बैंक के सामने खड़ी बाइक पर बैठे एक युवक से एसटीएफ ने पूछताछ की। इसके बाद उसे बैठा लिया। बाद में पता चला एसटीएफ की टीम ने छांगुर के भतीजे सोहराब को हिरासत में लिया है। इस पर आजमगढ़ में धर्मांतरण कराने का आरोप है। हालांकि, पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अवैध धर्मांतरण के आरोपी छांगुर के ठिकानों की पड़ताल बृहस्पतिवार की सुबह से ही शुरू हो गई। एटीएस के साथ ही ईडी की टीम ने भी छानबीन तेज कर दी है। उतरौला पहुंची टीम ने छांगुर से जुड़े करीब 12 ठिकानों की पड़ताल की। उतरौला में बने छांगुर के प्रतिष्ठान का ताला खुलवा कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि छांगुर के दूसरे जिलों और प्रदेशों में ठिकानों की छानबीन भी हो रही है। ईडी छांगुर मामले में मनी लांड्रिंग के साथ ही विदेशी फंड की जांच कर रही है। उतरौला में सुबह से ही टीम पड़ताल में जुटी है।
कांप्लेक्स के साथ घर भी तलाश रही ईडी
जमालुद्दीन उर्फ छांगुर के संपत्तियों की पड़ताल ईडी ने तेज कर दी है। उसके कांप्लेक्स की पड़ताल के साथ ही मधुपुर स्थित उसके आवास को भी ईडी ने खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही ईडी छांगुर के करीबियों के घरों पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। छांगुर मधपुर में जमीन बेचने वाले पूर्व प्रधान जुम्मन के घर ईडी ने दस्तक दी। वहीं, सुबह से शहर के अन्य ठिकानों पर ईडी जांच कर रही है।