बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिले में दो केंद्रों पर किया जा रहा है। रविवार को दोनों केंद्रों पर 16691 कॉपियां जांची गईं हैं। इसमें हाईस्कूल की 8708 और इंटरमीडिएट की 7983 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ है। जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि मोहम्मद यूसुफ उस्मानी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 3791 और इंटरमीडिएट की 4945 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। वहीं एमपीपी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 4917 और इंटरमीडिएट की 3038 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं हैं। दोनों केंद्रों पर अब तक हाईस्कूल की 26755 और इंटरमीडिएट की 21143 कॉपियों सहित कुल 47898 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। 1,34,771 कॉपियों का मूल्यांकन होना अभी बाकी है।
डीआईओएस ने मूल्यांकन में सतर्कता बरतने का निर्देश परीक्षकों को दिया है। कहा कि गणित, विज्ञान अथवा अन्य किसी भी विषय में यदि परीक्षार्थियों ने बाएं पृष्ठ पर भी उत्तर लिखे हों तो उनका भी समुचित मूल्यांकन किया जाए। भाषाई त्रुटि की जांच हिंदी, अंग्रेजी जैसे भाषा के विषय में ही किया जाए। हाईस्कूल में 70 अंकों की लिखित परीक्षा के तहत 20 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा ओएमआर शीट पर हुई है। शेष 50 अंकों की परीक्षा लिखित उत्तरपुस्तिकाओं पर कराई गई है। जांची जा रही उत्तर पुस्तिका में निर्धारित पूर्णांक 50 से अधिक प्राप्तांक किसी भी दशा में न हो। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी प्रश्नोत्तर न तो अमूल्यांकित रहे और न ही किसी प्रश्नोत्तर का गलत मूल्यांकन हो। बताया कि मूल्यांकन में लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी।