तुलसीपुर (बलरामपुर)। स्थानीय नगर स्थित बलरामपुर चौराहे पर बैंक में पैसा जमा करने आए मुंशी को दो लाख का लालच देकर ठग ने सवा लाख रुपया पार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस बैंक के सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग क्लिप खंगाल रही है।
तुलसीपुर मंडी समिति से जुड़े सब्जी के थोक व्यापारी जुनैद रायनी ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने अपने मुंशी अंकित मिश्रा को सवा लाख रुपया देकर बलरामपुर चौराहा स्थित बैैंक में जमा करने के लिए भेजा था। बैंक में लंच होने के कारण अंकित इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक व्यक्ति अंकित से मिला और रुमाल में लपेटकर उनको दो लाख रुपये की गड्डी दी औैर कहा कि आप अपने सवा लाख रुपये दे दीजिए हमें किसी को देना है। हम लौटकर आते हैं तो आपका पैसा देकर अपना बाकी पैसा बैंक में जमा कर देंगे।
इस पर अंकित आरोपी के झांसे में आ गए और उन्होंने अपना पैसा आरोपी को दे दिया। आरोपी ठग पैसा लेकर फरार हो गया। काफी देर तक उसके वापस न आने पर अंकित ने रुपयों की गड्डी चेक की तो पता चला कि नोट जाली हैं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि बैंक प्रबंधन से मिलकर सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग क्लिप खंगाली गई है। अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।