बलरामपुर। एडीओ पंचायत गैसड़ी के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर दिया गया है। निदेशक पंचायती राज देवीपाटन मंडल को डीपीआरओ ने 15 बिंदुओं का आरोप पत्र भेजा है। एडीओ पंचायत पर शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने व कर्मियों से पैसे मांगने का आरोप लगाया है। निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीपीआरओ नरेश चंद्र ने बुधवार को बताया कि एडीओ पंचायत गैसड़ीह मसूदुलहक सिद्दीकी को निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश शासन ने तीन सितंबर को प्रधानों का डिटेल संबंधी डाटा फीडिंग के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था। एडीओ पंचायत गैसड़ी आश्वासन के बाद भी निदेशक के दफ्तर नहीं पहुंचे और मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया।
गैसड़ी ब्लॉक के सफाई कर्मियों ने एडीओ पंचायत पर पैसे मांगने, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालयों के निर्माण में हीलाहवाली बरतने, बैठकों से बिना सूचना के नदारद रहने जैसे संगीन आरोप एडीओ पंचायत पर लगाए गए हैं।
वित्त वर्ष 2018-19 में गैसड़ी ब्लॉक के 115 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 102 की वार्षिका पुस्तिका बंद कराई गई जबिक बाकी बचे 13 ग्राम पंचायतों की वार्षिक पुस्तिका का कोई पता नहीं है। वर्ष 2019-20 में गैसड़ी ब्लॉक के 115 के सापेक्ष मात्र 26 ग्राम पंचायतों की दैनिक व मासिक पुस्तिका बंद कराई गई है। स्थानीय होने के चलते एडीओ पंचायत पर राजनीतिक गतिविधियों में संलप्ति होने का आरोप भी लगाया गया है।