फोटो-12-बलरामपुर के उतरौला रोड पर बसों की जांच करते एआरटीओ ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने दो दिनों तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ओवरस्पीड, परमिट शर्तों के उल्लंघन और नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 127 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान कुल 3.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही दो बसों को सीज कर दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश ने बताया कि जिले के विभिन्न मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परमिट शर्तों के विपरीत संचालित दो बसें पकड़ी गईं, जिन्हें सीज कर दिया गया। वहीं निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चल रहे 18 वाहनों का चालान किया गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 73 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 91 वाहनों का चालान किया गया और 2.39 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। रेलवे स्टेशन, फुलवरिया चौराहा और बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर भी सघन चेकिंग की गई। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते मिले पांच चालकों समेत 54 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर 1.51 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।