बलरामपुर। नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर फर्राटा भर रह वाहनों की धरपकड़ के लिए शुक्रवार को परिवहन विभाग ने सघन अभियान चलाया। इस दौरान तय क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर दौड़ रही आठ ओवरलोड बसों का चालान कर इन पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले 12 छोटे वाहनों को भी सीज करने की कार्रवाई की गई।
यातायात माह के तहत शुक्रवार को एआरएम वीके वर्मा व एआरटीओ अरविंद कुमार यादव की संयुक्त टीम ने पूरे जिले में अवैध वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने के साथ साथ ही ओवरलोड यात्री वाहनों की धरपकड़ के लिए प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाली आठ बसों को पकड़ा गया। इनके खिलाफ मौके पर ही 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही बिना वाहन पंजीयन व अन्य मानक पूरे किए बिना सड़कों पर अवैध तौर से फर्राटा भरने वाले 8 छोटे वाहनों व चार ई - रिक्शा को भी मौके पर सील कर जुर्माना लगाया गया।
इस दौरान एआरटीओ ने सभी वाहन स्वामियों व चालकों से सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन अवश्य किए जाने की अपील की। साथ ही चेताया कि न तो बिना जरूरी दस्तावेज के कोई भी वाहन चलाएं न ही सवारी व सामान की ओवरलोडिंग करें।