बलरामपुर। कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35-ए हटने के दूसरे दिन भी लोगों ने केंद्र सरकार के ऐतिहासिक फैसले पर खुशी जताई। लोगों का कहना है कि एक देश एक संविधान के पथ पर आगे बढ़कर केंद्र सरकार ने एकता और अखंडता को मजबूत किया है। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर लोगों ने खुशी जताई।
एमएलके पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनके सिंह ने मंगलवार को परिसर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 70 साल से जो दंश जम्मू-कश्मीर की जनता झेल रही थी। केंद्र की मोदी सरकार ने उसका अंत कर दिया है। स्वार्थ की राजनीति के चलते कुछ लोग जानबूझकर इसका विरोध कर रहे हैं जिसका कोई मतलब नहीं है। मुख्य नियंता डॉ. पीके सिंह ने सरकार के कदम का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया।
अनुच्छेद 370 व 35-ए की समाप्ति पर डॉ. मोहीउद्दीन अंसारी, डॉ. आरके पांडेय, डॉ. दिव्यदर्शन तिवारी, डॉ. राघवेंद्र सिंह, डॉ. जेपी पांडेय, डॉ. केके सिंह, डॉ. डीके चौहान, डॉ. अजीत प्रताप सिंह आदि ने एक-दूसरे का मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
महराजगंज तराई संवादसूत्र के अनुसार चौक बाजार में शिव मंदिर चौराहे पर क्षेत्र के लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। इस दौरान डॉ. हुकुम सिंह, प्रवेश मिश्र, मनीष प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। तुलसीपुर संवादसूत्र के अनुसार बलरामपुर चौराहे पर भाजपाइयों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदीप सिंह, विष्णु गुप्ता, गोपाल श्रीवास्तव, बृज गोपाल पांडेय आदि मौजूद रहे।