बलरामपुर। बिजली की चोरी रोकने तथा बकाया विद्युत बिल वसूली के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। विद्युत वितरण उपकेंद्र भगवतीगंज क्षेत्र में बकाया बिल वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजली चोरी एवं बिजली बिल जमा न करने वाले 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। अभियान के तहत बुधवार तक 3,44,669 रुपये बकाया बिल की वसूली भी की गई है।
विद्युत वितरण उपकेंद्र भगवतीगंज के जेई केके तिवारी ने बताया कि पानी टंकी लाइन क्षेत्र के मोहल्ला गदुरहवा, बलुहा, अलीजानपुरवा व गोविंद बाग में विद्युत विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिजली चोरी का एक मामला पाए जाने पर कनेक्शन विच्छेन के साथ ही संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। उपभोक्ताओं को बकाया विद्युत बिल जमा करने के लिए किश्तों में भुगतान की छूट दी जा रही है।