बलरामपुर। नगर पालिका परिषद बलरामपुर में जिले में पहला कैटल कैचिंग वैन खरीदा है। आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए आधुनिक संसाधनों से लैस वैन से काफी मदद मिलेगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरूण कुमार शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली व ईओ नगर पालिका परिषद राकेश कुमार जायसवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से कैटल कैचिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एडीएम ने कहा कि नगर पालिका परिषद की तरफ से पहले कैटल कैचिंग वैन की सौगात दी गई है। इस वैन से सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को पकड़ने में काफी आसानी होगी। वाहनों पर मवेशियों को चढ़ाने व उतारने में पहले काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वैन के आ जाने से समस्याएं दूर हो जाएंगी। मवेशी को उतारने व चढ़ाने के दौरान लोगों को अब घायल नहीं होना पड़ेगा।
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि सड़कों पर घूम रहे चारों नगर निकायों में कैटल कैचिंग वैन से जानवरों को पकड़कर गोशाला तक पहुंचाया जाएगा। ईओ ने कहा कि कैटल कैचिंग वैन को देने के लिए नगर पालिका की तरफ से निर्धारित शर्तों को पूरा करना होगा। वाहन को हरी झंडी दिखाते समय सफाई इंस्पेक्टर बहरोन सिंह, इदरीश खान, शैलेंद्र कुमार सिंह व सुरेश गुप्ता आदि मौजूद रहे। वैन को रवाना करने के तुरंत बाद दो छुट्टा मवेशियों को पकड़कर गोशाला तक पहुंचाया गया।