बलरामपुर। नगर निकाय निर्वाचन को लेकर मतदान कार्मिकों का शुक्रवार को प्रथम प्रशिक्षण दिया गया। इसमें अनुपस्थित 11 कर्मियों पर एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।
एमपीपी इंटर कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पाठक ने कहा कि चुनाव के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता, शुचिता, समयबद्धता यह पंच सूत्र हैं। इसका मतदान से जुड़े कर्मियों को हर हाल में पालन करना चाहिए।
बताया कि नगर पंचायतों एवं नगर पालिका परिषद के सदस्यों के निर्वाचन में गुलाबी रंग के मतपत्र का प्रयोग किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सफेद रंग व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए हरे रंग का मतपत्र होगा। परियोजना निदेशक सीपी श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण का जायजा लिया। मास्टर ट्रेनर को सभी कार्मिकों को अच्छे से ट्रेनिंग दिए जाने का निर्देश दिया गया।