बलरामपुर। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को 575 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए। दलों के प्रत्याशियों को पार्टी का चुनाव चिह्न मिला, वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों को इससे इतर निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित चुनाव चिह्न आवंटित किए गए।
चुनाव चिह्न लेने के लिए सुबह से ही प्रत्याशी व प्रस्तावक कलेक्ट्रेट पहुंच गए। चुनाव चिह्न आवंटन को लेकर कलेक्ट्रेट में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। दोपहर में चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया। इसे नामांकन कक्ष के बाहर चस्पा भी किया गया है।
इसके साथ ही प्रशासन ने निगरानी को लेकर टीमों को सक्रिय कर दिया है। हर निकाय में चेक पोस्ट बनाए गए हैं। उड़ाका दलों के साथ ही स्टैटिक निगरानी टीमों को लगाया गया है। इन टीमों को प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार पर नजर रखने के साथ ही अन्य निर्देश दिए गए हैं।
कोई चलाएगा रिक्शा तो कोई जीप
बलरामपुर नगर पालिका परिषद से अध्यक्ष पद के लिए कुल 16 प्रत्याशी हैं। सात दलों के प्रत्याशियों को पार्टी का निशान दिया गया है। निर्दलीय प्रत्याशी ओम प्रकाश को फूल और घास, किताबुन्निशा को वृक्ष, घिराऊ को अनार, धर्मेंद्र कुमार सैनी को केला का पेड़, मो. रफीक को रिक्शा, रवि प्रताप को टेबल फैन, रुबीना को कंघा, मोहम्मद लईक को स्कूटर व सईद अहमद को जीप चुनाव चिह्न का आवंटन किया गया है। उतरौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद पर कुल आठ प्रत्याशी हैं। तीन दलीय प्रत्याशियों के अतिरिक्त निर्दल मो. अबरार को छत का पंखा, मलिक एजाज को सितारा, रब्बू को रेल का इंजन, राजू को रिक्शा, शारदा को पहिया का चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। इसके अतिरिक्त गैसड़ी, तुलसीपुर, पचपेड़वा में भी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटन कर दिए गए हैं।