बलरामपुर। लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसपी देवरंजन वर्मा ने मंगलवार को बताया कि जिले के सभी थानों में कुल तीन लोगों ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया, जिनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, सीओ तुलसीपुर शिवप्रसाद व प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर वकील पांडेय ने मंगलवार को कई मस्जिदों का निरीक्षण किया। इस दौरान मस्जिदों में मौजूद लोगों से कोरोना पीड़ित व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की गई।
लॉकडाउन के दौरान बेवजह घरों से बाहर घूमने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 49 वाहनों से 20 हजार रुपये जुर्माना जमा कराया गया है। इसके साथ ही नौ वाहनों को सीज कर दिया गया है। लॉकडाउन के दौरान धारा-144 लागू है, जिसका पालन न करने पर केस दर्ज किया जाएगा। ललिया व पचपेड़वा थाना परिसर में मंगलवार को धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर लॉकडाउन को सफल बनाने की अपील की गई है। ललिया थाने में सीओ सदर प्रेम कुमार थापा की अध्यक्षता में बैठक करके लोगों से कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने की अपील की गई।
पचपेड़वा थाने में भी बैठक कर धर्मगुरुओं से सहयोग की अपील की गई। दोनों थाना क्षेत्रों में धर्मगुरुओं की बैठक के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरी तरह से अनुपालन कराया गया।
तुलसीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि देशभर में जमात के लोगों की वजह से कोरोना संकट बढ़ गया है। कई जगह मस्जिदों व मदरसों में जमात के लोग पाए गए हैं। शासन के निर्देश पर सीओ व प्रभारी निरीक्षक ने जमात के लोगों की जानकारी जुटाने के लिए कई मस्जिदों का निरीक्षण किया। मस्जिद में व्यवस्था करने वाले के अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति को नमाज न अदा करने की हिदायत दी गई।
मस्जिदों के व्यवस्थापकों को सरकार व प्रशासन के निर्णय का अनुपालन करने की सख्त नसीहत दी गई। मौके पर मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सीओ व प्रभारी निरीक्षक को आश्वस्त किया कि सरकार व प्रशासन के तरफ से लिए गए हर निर्णय का पूरी तरह से समर्थन कर रहे हैं।