उतरौला/महदेइया बाजार(बलरामपुर)। श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के कपौवा शेरपुर में बिजली कनेक्शन की जांच करने गई विभागीय टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। संविदाकर्मी की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दो लोगों की गिरफ्तारी कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
विद्युत वितरण खंड उतरौला ग्रामीण में तैनात संविदाकर्मी रामजी वर्मा ने श्रीदत्तगंज थाने में दी तहरीर में कहा कि जेई विजय रंजन, उपखंड अधिकारी रमेश मौर्य व अन्य कर्मचारियों के साथ जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बुधवार को कपौवा शेरपुर निवासी अब्दुल हमीद शाह के कनेक्शन की जांच की गई, इन पर करीब सवा लाख रुपये बिजली बिल बकाया था। कई बार इनका कनेक्शन काटा भी गया, लेकिन वह मनमाने तरीके से बार-बार कनेक्शन जोड़ लेते थे। चेकिंग के दौरान कनेक्शन जुड़ा होने के बाबत सवाल पूछने पर अब्दुल हमीद शाह तथा उनके पुत्र सलमान आदि ने बिजलीकर्मियों के साथ गाली-गालौज और मारपीट की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल दीक्षित ने बताया कि रामजी की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपी सलमान और गुल्ली को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन की जा रही है।