उतरौला (बलरामपुर)। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए सपा समर्थित प्रत्याशी एजाज मलिक आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में फंस गए हैं। बिना अनुुमति के धार्मिक स्थल पर जनसभा करने के मामले में 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उपनिरीक्षक स्वतंत्र कुमार पुलिस टीम के साथ बुधवार की शाम पटेलनगर मोहल्ले में भ्रमण कर रहे थे। तभी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद अबरार ने जानकारी दी कि पटेलनगर में एक धार्मिक स्थल से सटे परिसर में कुछ लोग जनसभा कर एक-दूसरे का माल्यार्पण कर रहे हैं। इस पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर काफी संख्या में कुर्सी-मेज बिखरे पड़े थे। फूल-माला भी बिखरी हुई थी। पुलिस टीम को मौके पर कोई भी व्यक्ति नहीं मिला।
पुलिस के मुताबिक इसकी जानकारी देने वाले निर्दल प्रत्याशी मोहम्मद अबरार ने अपने मोबाइल से वीडियोग्राफी कराई थी। इसके आधार पर अन्य लोगों से पूछताछ की गई। इनकी पहचान अध्यक्ष पद के लिए सपा समर्थित प्रत्याशी एजाज मलिक व निर्दलीय प्रत्याशी रब्बू सिद्दीकी के अतिरिक्त पूर्व प्रमुख लकी खां, बहलोल नियाजी, अब्बू हरेरा, मोहसिन इदरीश खान, आबिद रजा, वसी, नोमान, मोइन अख्तर सिद्दीकी, डॉ. सलमान, रज्जब, शहबाज के तौर पर हुई। पुलिस ने बिना अनुमति के धार्मिक स्थल के पास जनसभा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल संजय कुमार दूबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।