गैड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। नहर का बांध कटने से स्थानीय क्षेत्र के 12 से अधिक गांव के लोगों का आवागमन ठप हो गया है। क्षेत्रवासियों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। शीघ्र समस्या का निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
क्षेत्रवासी मो. अनवर, मदन, हैसियत, रामू, पंकज, मनीष, आलोक, बृजनंदन तिवारी, विनोद तिवारी, झिनकन, रामफेरन, संतराम, दुखहरण यादव, बाबूराम, दिलीप तिवारी, मानस तिवारी आदि ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा कि सादुल्लाहनगर से खटकनडीह भिरवा जाने वाली पक्की सड़क काटकर सरयू नहर खंड-2 इटवा रजबहा नहर का संचालन एक वर्ष पूर्व कर दिया गया था। सरयू नहर खंड इटवा रजबहा गोपालपुर पर पुलिया का निर्माण होना था मगर पुलिया नहीं बनवाई गई। सिर्फ मिट्टी डालकर डायवर्जन बना दिया गया।
डायवर्जन मार्ग बह जाने से भिरवा, भगड़वा, चौका, गोपालपुर, कोड़री, मानीगढ़ा, नथईपुर, लौकिया ताहिर व घोरीपुर सहित 12 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन ठप हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या दूर कराने के लिए कई बार विभाग के अधिकारियों को पत्र दिया गया लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। इन लोगों ने डीएम से शीघ्र पुल का निर्माण कराने की मांग की है। एसडीओ सरयू नहर खंड-2 सूर्यप्रकाश गौड़ ने बताया कि सड़क पार करने के लिए शीघ्र ही पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। संवाद