बलरामपुर। जिले में बिना रजिस्ट्रेशन के कोचिंग सेंटर नहीं चलेंगे। बिना पंजीयन कोई कोचिंग सेंटर चलता मिला तो संबंधित पर मुकदमा दर्जकर जुर्माना लगाया जाएगा। ऐसे सेंटरों को चिह्नित किया जा रहा है।
जिले में मात्र 12 कोचिंग सेंटरों का ही पंजीकरण है। इसके अलावा बिना रजिस्ट्रेशन के 100 से अधिक कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। शहर हो या अन्य कस्बे हर जगह कोचिंग सेंटरों के बाहर छात्र छात्राओं की भीड़ लगी रहती है। कोचिंग सेंटर चलाने के लिए डीआईओएस कार्यालय में रजिस्टर्ड कराना होता है। इसके बाद वहां से संख्या के आधार पर उसकी फीस जमा होती है। लगातार अवैध कोचिंग सेंटरों के चलने की शिकायत मिलती रही है। डीआईओएस मृदुला आनंद ने बताया कि अवैध कोचिंग के खिलाफ शीघ्र ही अभियान चलाया जाएगा।