बलरामपुर। संजय सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद परिवहन निगम ने बसों का रूट बदल दिया है। रूट परिवर्तन से जहां यात्रियों की दूरी बढ़ गई है, वहीं किराए में भी भारी बढ़ोतरी हो गई है। नई व्यवस्था के तहत बसें अब अयोध्या व बहराइच के चलहरी घाट मार्ग से होकर चलेगी।
बलरामपुर डिपो से लखनऊ-कानपुर रूट पर चलने वाली 18 बसों का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा, लेकिन गोंडा मार्ग से जाने वाली बसों को अब अयोध्या होकर भेजा जाएगा। इससे दूरी में करीब 77 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी।
पहले बलरामपुर से गोंडा होते हुए लखनऊ की दूरी 137 किलोमीटर और किराया 231 रुपये निर्धारित था। अब अयोध्या होकर जाने पर दूरी बढ़कर 244 किलोमीटर हो जाने से किराया भी बढ़कर 370 रुपये तक हो जाएगा। वहीं, बहराइच मार्ग से जाने वाली बसें अब चलहरी घाट होकर गुजरेंगी। इस मार्ग पर दूरी और किराए में ज्यादा अंतर नहीं पड़ेगा, बल्कि टोल न होने से किराए में 8 से 10 रुपये तक की कमी संभव है। पहले बहराइच से लखनऊ जाने वाली बस की दूरी 199 किलोमीटर व किराया 278 रुपये निर्धारित था।
घाघरा घाट तक चलेंगी स्पेशल बसें
बलरामपुर डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए घाघरा घाट तक स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। 16 अप्रैल से सहालग शुरू होने के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में घाट पर बसों का हॉल्ट रहेगा, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल सके। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि बसों की संख्या में कोई कटौती नहीं की गई है। सभी चालकों व परिचालकों को नए रूट की जानकारी दे दी गई है और ईटीएम मशीनों में भी नया किराया व रूट फीड कराया जा रहा है, ताकि संचालन में कोई परेशानी न हो।