बलरामपुर के तुलसीपुर में जेसीबी से हटाया जा रहा अतिक्रमण।-संवाद
बलरामपुर/तुलसीपुर। बलरामपुर और तुलसीपुर में सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। बलरामपुर में स्वयं अतिक्रमण न हटाने वाले 10 लोगों के निर्माण पर जेसीबी चली। तुलसीपुर में अभियान के छठे चरण में फुटपाथ को खाली कराया गया।
नगर पालिका, बलरामपुर का अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है। सोमवार को आंबेडकर तिराहे से मेजर चौराहा तक अभियान चलाया गया। नगर पालिका टीम ने पहले ही इस मार्ग के अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए उसे पर लाल निशान लगा दिया गया था। इसके चलते आधे से ज्यादा लोगों ने इस मार्ग पर अपने-अपने अतिक्रमण को स्वयं तोड़ दिए थे। अभियान के दौरान करीब 10 ऐसे स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया, जहां लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था।
नगर के मुख्य बाजार वीर विनय चौराहे से चौक तक नगर पालिका प्रशासन तीन शिफ्ट में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। इसी क्रम में मंगलवार को वीर विनय चौराहे से डॉक्टर मजीद मोड तक सड़क के दोनों तरफ नाली और सड़क पटरी से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
तुलसीपुर में 11 दुकानदारों का चालान, आज भी चलेगा अभियान
तुलसीपुर। नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को लाल चौराहे से शुगर मिल चौराहे तक अभियान चलाया गया। सड़क के पूर्वी हिस्से पर लाखों की लागत से बने चौड़े इंटरलॉकिंग फुटपाथ को खाली कराया गया। दुकानदार लंबे समय से पटरी पर कब्जा किए थे। अभियान के दौरान फुटपाथ और पटरी पर अतिक्रमण कर रहे 11 दुकानदारों का एक-एक हजार रुपये का चालान किया गया। कुछ लोगों को नोटिस भी दिया गया। अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे ने बताया कि इस दौरान नालों की सफाई भी कराई गई तथा कई स्थानों से अतिक्रमित भूमि मुक्त कराई गई। मंगलवार को शुगर मिल तिराहा से होकर पुरानी बाजार व हनुमानगढ़ी होते हुए लाल चौराहे तक, जबकि बुधवार को नई बाजार चौक से बैरागीपुरवा होते हुए तहसील मोड़ तक अभियान चलाया जाएगा। (संवाद)