उतरौला (बलरामपुर)। मेला देखकर ट रहे पूर्व बसपा प्रत्याशी व महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर उतरौला कोतवाली में दबंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उतरौला के गांधीनगर मोहल्ला निवासी राजा ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि वह गत निकाय चुनाव में बसपा से चुनाव लड़ा था। गत 14 मई की शाम मसूदिया पार्क से मेला देखकर परिवार के साथ घर लौट रहा था। हनुमान मंदिर के पास विपक्षी एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। साथ में मौजूद महिलाओं के साथ भी उसने अपमानजनक व्यवहार किया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच बचाव कराया। कोतवाल उतरौला संजय दूबे ने बताया कि राजा की तहरीर पर आयुष जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।