बलरामपुर के कुआनों नदी के किनारे रोते-बिलखते मृतक के परिजन।-संवाद
पेहर बाजार। रेहरा बाजार क्षेत्र के सकरड़िया ग्रामसभा निवासी रामदेव वर्मा (62) बृहस्पतिवार रात लापता हो गए थे। शुक्रवार को उनकी बाइक कुंआनों नदी के किनारे मिली। इसके बाद फ्लड पीएसी ने नदी में तलाश शुरू की। शाम करीब छह बजे बुजुर्ग का शव नदी में मिला।
परिवार के लोगों ने बताया कि वह बृहस्पतिवार रात घर से बिना बताए कहीं चले गए थे और वापस नहीं लौटे। रात करीब दस बजे उनकी बाइक सुंदरघाट कुंआनों नदी के पुल के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। काफी तलाश के बाद जब कहीं पता नहीं चला तो शुक्रवार को बुजुर्ग के बेटे चंद्रभान वर्मा ने थाने में पिता के लापता होने की तहरीर दी थी। रेहरा बाजार के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि नदी के सुंदर घाट के पास फ्लड पीएसी के गोताखोरों ने शव को बरामद कर लिया है। बुजुर्ग की डूबने से मौत हुई है। फिलहाल मामले में अभी जानकारी की जा रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह नदी में कैसे गिरे। (संवाद)