बलरामपुर। सामाजिक सरोकारों के तहत अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में 26 जुलाई को संयुक्त जिला चिकित्सालय एवं सीएचसी तुलसीपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न संगठनों के लोग अमर उजाला के आह्वान पर कारगिल के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने तथा देश की सीमा की सुरक्षा में लगे सैनिकों के सम्मान में रक्तदान करेंगे।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में सुबह 10 बजे ब्लॅड बैंक प्रभारी डॉ. एपी मिश्र एवं सीएचसी तुलसीपुर में अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान रक्तदान शिविर का शुभारंभ कराएंगे। सुबह 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक चलने वाले शिविर में ब्लॅड बैंक बलरामपुर की टीम लोगों को रक्तदान कराएगी।
रक्तदान के बाद महादानी बनने वाले रक्तदानियों को अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। रक्तदान शिविर में कोविड 19 प्रोटोकाल का पूर्णतय: पालन किया जाएगा।
देश की सीमाओं की रक्षा में लगे सैनिकों तथा देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का सम्मान सभी लोगों को करना चाहिए। कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए अधिक से अधिक लोग रक्तदान करें।
रक्तदान से जहां दूसरों के जीवन को बचाया जा सकता है वहीं इससे खुद के स्वास्थ्य को भी फायदा पहुंचता है। आपका एक यूनिट ब्लॅड चार लोगों की जान बचा सकता है। कोरोना का टीका लगवाने लोग वैक्सीनेशन के 14 दिन बाद रक्तदान कर सकते है।