बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता की। इसमें दावा किया कि बलरामपुर में ही मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले में कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता के लिए धरना व ज्ञापन देने का नाटक कर रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि बीते दिनों जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाजपा पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने पहले ही मांगपत्र देकर बलरामपुर में ही राजकीय मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठाई थी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के जो नेता आज यह धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब सपा की सरकार थी और भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2016 में बलरामपुर में विश्वविद्यालय स्थापना के लिए प्रदर्शन किया था, तब यहां बनने वाला विश्वविद्यालय सिद्धार्थनगर में कैसे बन गया था।
सदर विधायक पल्टूराम ने बताया कि विश्वविद्यालय निर्माण के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है।
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह, जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, जिला महामंत्री वरुण सिंह, जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस, भाजपा नेता अजय सिंह पिंकू व अक्षय शुक्ला आदि मौजूद रहे।