महराजगंज तराई/ललिया। महराजगंज तराई क्षेत्र में शनिवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान खलीलुर्रहमान (20) और मोनू गौतम (40) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों दिवंगत युवक हेलमेट नहीं पहने थे।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के जयनगरा पाटेश्वरी नगर निवासी खलीलुर्रहमान शनिवार रात गांव के ही आरिफ (25) के साथ बाइक से महराजगंज तराई बाजार जा रहे थे। शिवचरनडीह गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर ललिया थाना क्षेत्र के इटहिया गांव निवासी मोनू गौतम और राजकुमार (27) सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में आरिफ को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि राजकुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
शनिवार रात हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में दिवंगत खलीलुर्रहमान और मोनू गौतम के घरों में रविवार को मातम पसरा रहा। दोनों परिवारों के लिए यह हादसा कभी न भरने वाला जख्म दे गया। जयनगरा पाटेश्वरी नगर निवासी खलीलुर्रहमान करीब एक माह पहले ही हैदराबाद से घर लौटे थे। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा कुछ समय घर पर बिताने के बाद अपने भविष्य की राह बनाएगा, लेकिन शनिवार रात हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। उनके निधन की खबर मिलते ही पिता जैनुल्ला, मां सालिया, भाई नसरुल्ला और छोटकऊ के साथ बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
वहीं, इटहिया गांव निवासी मोनू गौतम के निधन से उनके परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। सात वर्षीय दीपांशु और तीन वर्षीय कृष्णा के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य की जिम्मेदारी का सवाल खड़ा हो गया है।
रात का सफर और बिना हेलमेट बाइक चलाना पड़ सकता है भारी
सड़क हादसों में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एआरटीओ बृजेश कुमार ने बताया कि रात में दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से रात में यात्रा करने से बचना चाहिए। जरूरी होने पर वाहन की गति नियंत्रित रखनी चाहिए और सावधानीपूर्वक वाहन चलाना चाहिए। उन्होंने बताया कि बाइक चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी मानक हेलमेट पहनना अनिवार्य है। हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने से बचाव करने और जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
फोटो-10-बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में मौजूद मृतक के परिजन ।-संवाद
फोटो-10-बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में मौजूद मृतक के परिजन ।-संवाद
फोटो-10-बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में मौजूद मृतक के परिजन ।-संवाद