बलरामपुर। गौरा चौराहा-इटवा रोड पर ग्रामीण इंटर कॉलेज के पास शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक थाना गौरा चौराहा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम केवलपुर निवासी दीपक कुमार (34) बाइक से गौरा चौराहा की तरफ आ रहे थे।
ग्रामीण इंटर कॉलेज के पास सड़क के किनारे एक बोलेरो खड़ी थी, जिसे वह देख नहीं पाए और खड़ी बोलेरो से टकरा गए। दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी नंदनगर के चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दीपक के सीने में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई है। उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था। (संवाद)