तुलसीपुर (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ओड़ाझार गांव के पास रविवार को बिजली के पोल से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। घटना में एक की मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया गया। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक पर यह लोग ट्रिपलिंग कर रहे थे और हेलमेट भी नहीं पहना था।
प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर थाना इकरार अहमद ने बताया कि जिला हरदोई के थाना तिहानी ग्राम रावा निवासी सोनू (33) व विकास यादव (25) और जनपद लखीमपुर के थाना दंडेल ग्राम पसगवा निवासी हेमंत कुमार (35) बाइक से स्थानीय क्षेत्र के भड़सहिया बरदौलिया गांव जा रहे थे। यह लोग यहीं पर रहकर किराए पर नाच-गाने का प्रोग्राम करते हैं। रविवार को यह लोग मुंबई का रेल टिकट वापस करने तुलसीपुर आए थे। लौटते समय ओड़ाझार गांव के पास इनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क के किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभ टूटकर सोनू के ऊपर गिर गया। मौके पर ही सोने की मौत हो गई। घायल विकास व हेमंत को सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।