बलरामपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तहसील गेट से ट्रैक्टर रैली निकाली। कलेक्ट्रेट गेट पर विरोध जताते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपकर किसानों की समस्याओं का निराकरण किए जाने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष तिलकराम वर्मा के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता तहसील गेट पर एकत्र हुए। वहां ट्रैक्टर रैली निकालकर किसान नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे। गेट पर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।
ज्ञापन में किसानों को फसल की सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दिए जाने, बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान दिलाए जाने, गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने, छुट्टा जानवरों की समस्या से निजात दिलाए जाने, एमएसपी गारंटी कानून को लागू किए जाने, एनजीटी के नियमों में किसानों के लिए ढील दिए जाने, पर्याप्त मात्रा में उर्वरक, बीज व कीटनाशक उपलब्ध कराए जाने सहित किसानों की अन्य समस्याओं का निराकरण कराए जाने की मांग की गई है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राज बहादुर शर्मा, सुरेश चंद्र वर्मा व पुत्तू लाल तिवारी आदि मौजूद रहे।