बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में अपर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते भाकियू कार्यकर्ता।
बलरामपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के नाम संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन अपर एसडीएम को सौंपा। मांगें पूरी न होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी भी दी।
भाकियू जिलाध्यक्ष तिलकराम वर्मा व उपाध्यक्ष राज बहादुर शर्मा ने कहा कि मौजूदा सरकार में किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है। सरकारी क्रय केंद्रों पर फसलों को बेचने के बाद किसान पैसे के लिए चक्कर काटने को विवश होते हैं।
ज्ञापन में इटई मैदा बजाज चीनी मिल द्वारा बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराए जाने, छुट्टा जानवरों से किसानों को निजात दिलाने, श्रीदत्तगंज ब्लॉक में गोशाला का संचालन शुरू कराए जाने, गांवों में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति किए जाने और सरकारी गोदामों पर पर्याप्त मात्रा में खाद व बीज उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन देते समय हजारी लाल वर्मा, राजकुमार यादव, राकेश कुमार भारती, सहदेव वर्मा, राधेश्याम व साबित अली सहित तमाम भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।