बलरामपुर। संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डा. जय प्रकाश ने शुक्रवार को सीएचसी श्रीदत्तगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, कोल्डचेन, कोविड वैक्सीनेशन एवं संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का जायजा लिया। अस्पताल की साफ सफाई एवं कोविड वैक्सीनेशन को लेकर अधीक्षक की सराहना भी की।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की हकीकत परखने श्रीदत्तगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे संयुक्त निदेशक डा. जय प्रकाश ने अस्पताल आए मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएचसी अधीक्षक डा. विकल्प मिश्रा के साथ कोल्डचेन, कोविड वैक्सीनेशन व टेस्टिंग आदि का निरीक्षण करते हुए संयुक्त निदेशक ने स्टाक रजिस्टर का अवलोकन किया और दवाईयों की आपूर्ति व उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पैथालॉजी जांच का जायजा भी लिया।
अस्पताल में बेहतर साफ सफाई व कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर अधीक्षक के प्रयासों की सराहना करते हुए संयुक्त निदेशक ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए सरकार पर्याप्त धनराशि भेज रही है इसका सदुपयोग होना चाहिए।
उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं है इसलिए अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन किया जाए।