रेहराबाजार। नाबार्ड वित्तपोषित आरआईडीएफ योजना के तहत 43.77 करोड़ रुपये की लागत से रेहराबाजार-सादुल्लाहनगर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। 15.87 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को सात मीटर चौड़ा किया जा रहा है। परियोजना के लिए 12.51 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है।
निर्माण एजेंसी ने सड़क के दोनों ओर 1.725 मीटर चौड़े टॉप (बेस) का कार्य पूरा कर लिया है। अब जल्द ही डामरीकरण शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा रेहराबाजार, नया नगर, घासीपोखरा और सादुल्लानगर कस्बों में आरसीसी सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा।
जेई रवि प्रकाश कुशवाहा ने बताया कि सड़क का टॉप तैयार हो चुका है। अब जल्द ही डामरीकरण के साथ कस्बाई क्षेत्रों में आरसीसी निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
चार लाख से अधिक आबादी को मिलेगा सीधा लाभ
क्षेत्रवासी जगन्नाथ, रामनिवास, धर्मप्रकाश चौहान, अवधेश कुमार, अमित श्रीवास्तव, जमील और नसीम आदि का कहना है कि सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से अचलपुर चौधरी, खानपुर कुरूथुवा, सराय खास, दतलूपुर, जखौली, बैरिया, बूढ़ीपुर, देवारीखेड़ा समेत विकासखंड की 81 ग्राम पंचायतों की चार लाख से अधिक आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बलरामपुर, उतरौला, मनकापुर और गोंडा की यात्रा भी आसान होगी और समय की बचत होगी।