बलरामपुर। नगर में ई रिक्शा चालकों से प्रतिदिन होने वाली वसूली पर रोक लगा दी गई है। नगर पालिका अध्यक्ष ने आगामी बैठक होने तक सभी प्रकार की वसूली पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।
नगर में ई रिक्शा संचालन को लेकर पालिका ने निविदा कराई थी। इस पर चालकों से प्रतिदिन 20 रुपये की वसूली किए जाने का निर्णय लिया गया था। पहली अगस्त से वसूली शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया। ई रिक्शा चालकों ने जगह-जगह जाम लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। डीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने तत्काल प्रभाव से वसूली पर रोक लगा दी है। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह ने बताया कि आगामी बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
नगर में ई रिक्शा चालकों से वसूली किए जाने के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने शनिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। जिला संयोजक राकेश कुमार भारतीय, जिला प्रभारी लालजी लहरी, हनोमान व पप्पूू भारती आदि ने ज्ञापन के जरिये कहा है कि दिन-रात मेहनत करके ई रिक्शा चालक किसी तरह जीवनयापन कर रहे हैं। इन चालकों से अवैध वसूली किया जाना गलत है। यदि ई रिक्शा चालकों से वसूली की जाएगी तो उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।