बलरामपुर। पटाखों के दागने व डीजे बजाने पर पूरी तरह से जिले में प्रतिबंध लगा दिया गया है। सभी थाना क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षकों की तरफ से बैठकें कराकर लोगों को पटाखा न जलाने व डीजे न बजाने को लेकर आगाह किया जा रहा है। निर्देश का उल्लंघन करने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है।
डीएम कृष्णा करुणेश व एसपी देव रंजन वर्मा ने गुरुवार को बताया कि शासन स्तर से पटाखों के दागने व डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पटाखे दागने से वायु प्रदूषण हो रहा है। इसके चलते लोगों की सेहत बिगड़ने की आशंका है। इसी के मद्देनजर पटाखे दागने पर रोक लगाई गई है।
बताया कि अयोध्या संबंधी फैसला आने के बाद किसी भी व्यक्ति को पटाखे दागने व डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिले के सभी संप्रदायों के बीच शांति व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए हर तरह से तैयारियां की जा रही है।
आगे बताया कि डीजे बजाने से ध्वनि प्रदूषण हो रहा है। न्यायालय ने तेज ध्वनि में डीजे / साउंड सिस्टम बजाने पर प्रतिबंध लगाया है। इसी के मद्देनजर जिले भर में पटाखे दागने और डीजे / साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।