बलरामपुर के उतरौला नगर में बाढ़ पीड़ितों को लंच पैकेट देते लोग।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
उतरौला (बलरामपुर)। बाढ़ की त्रासदी के बीच तमाम परिवारों के चूल्हे अभी भी बूझे पड़े हैं। इन गरीब परिवारों की मदद के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाजसेवी व जनप्रतिनिधि भी आगे आ रहे हैं। बच्चों के दूध-बिस्कुट से लेकर परिवार के भोजन तक की व्यवस्था कराई जा रही है।
उतरौला नगर में बाढ़ का प्रकोप बीते चार दिनों से लगातार बना हुआ है। कई घरों में पानी भरा होने के चलते चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं। समाजसेवी रब्बू सिद्दीकी व उनकी टीम ने नगर के आर्यनगर, सुभाषनगर व काशीराम कालोनी आदि मोहल्लों में जाकर जलभराव के बीच लोगों को लंच पैकेट व राशन आदि का वितरण किया।
इस अवसर पर फरहान, बब्लू व राजेश आदि मौजूद रहे। इसी तरह क्षेत्रीय विधायक राम प्रताप वर्मा कम्युनिटी किचन के माध्यम से लगातार बाढ़ पीड़ितों के लिए लंच पैकेट तैयार करा रहे हैं। विधायक ने बताया कि उनके कार्यकर्ता नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित लोगों को लगातार लंच पैकेट उपलब्ध करा रहे हैं।